ग्राम प्रधान की नई आरक्षण लिस्ट में नहीं हुआ एक भी बदलाव, जानिए कहां और कैसे

 

यूपी पंचायत चुनाव में हाईकोर्ट के निर्देश पर शनिवार को मैनपुरी जिले के 549 प्रधान पदों के लिए फिर से अनंतिम आरक्षण की सूची जारी कर दी गई। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर विकास भवन, जिले के सभी ब्लाक कार्यालयों में सूची चस्पा कराई गई। यहां जारी नई आरक्षण लिस्ट के आंकड़ों में कोई फेरबदल नहीं हुआ है, सिर्फ गांव में जातिवार आरक्षण बदल गया है।  जातिगत आरक्षण के आंकड़े जस के तस रहे हैं। 191 सीटें अनारक्षित रही हैं। वहीं प्रधान पद के लिए महिला की 91 सीटें आरक्षित घोषित हुई हैं। पिछड़ा वर्ग को 192 और एससी वर्ग 115 सीटों पर आरक्षण का लाभ मिलेगा। घोषित अनंतिम आरक्षण पर अब आपत्तियां ली जाएंगी और उनका निस्तारण कराया जाएगा। 

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने अधिकारियों के साथ देर रात बैठक की। इसके बाद 549 ग्राम पंचायतों के प्रधान पदों के लिए आरक्षण की सूची जारी कर दी। नवीन शासनादेश के तहत आरक्षण जारी किया गया। 549 ग्राम पंचायतों में मैनपुरी में एक भी सीट अनुसूचित जनजाति महिला या पुरुष के लिए आरक्षित नहीं हुई है। अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए 41 और पुरुषों के लिए 74 कुल 115 सीटें आरक्षित हुई हैं। पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 54 सीटें आरक्षित हुई हैं वहीं पिछड़ा वर्ग के लिए 98 सीटें आरक्षित की गई हैं। 549 में से 152 सीटें पिछड़ा वर्ग के खाते में गई हैं। महिलाओं के लिए 549 में से 91 सीटें हैं। वहीं 549 में से 191 सीटें अनारक्षित घोषित की गई हैं। महिलाओं के खाते में कुल 186 सीटें आरक्षित हुई हैं।