अहमदाबाद। गुजरात से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे पढ़कर आप हैरान हो जाएंगे। यहां एक गर्भवती महिला को बब्बर शेरों की मौजूदगी में अपने बच्चे को जन्म देना पड़ा। यह हैरतअंगेज घटना गढड़ा के भाका गांव की है। शेरों के हटने के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां बच्चा और महिला दोनों स्वस्थ हैं।
हुआ कुछ यूं कि 20 मई की रात लगभग 10 बजे के करीब गढड़ा के भाखा गांव की अफसाना सबरिश रफीक को अचानक से लेबर पेन शुरू हो गया। महिला प्रसूति के दर्द से बेहाल थी। जिसके बाद महिला के घरवालों ने उसकी नाजुक हालत देखते हुए फौरन 108 पर कॉल किया और गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई।जैसे ही एंबुलेंस महिला को लेकर अस्पताल के लिए निकली तो गांव से दूर गिर गढड़ा से उना के रास्ते में रसुलपरा गांव के नजदीक 4 बब्बर शेरों ने गाड़ी का रास्ता रोक लिया।
शेर गाड़ी के एकदम सामने ही खड़े हो गए थे। इस दौरान कोई भी उन्हें वहां से भगाने की हिम्मत भी नहीं कर पाया। इसके बाद महिला के बढ़ते दर्द और खतरे को देखते हुए ईएमटी और पायलट ने सूझबूझ से काम लेते हुए रास्ते में ही महिला की डिलीवरी कराई और महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया।