रक्षा प्रदर्शनी में रिकार्ड तोड़ 1 हजार कंपनी तथा 40 देशों के रक्षा मंत्री लेंगे हिस्सा


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने वाली चार दिन की रक्षा प्रदर्शनी ‘डेफ एक्सपो 2020’ में देश और विदेश की रिकार्ड तोड़ एक हजार से अधिक कंपनी तथा 40 देशों के रक्षा मंत्री हिस्सा लेंगे। रक्षा सचिव अजय कुमार ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 5 से 9 फरवरी तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पांच फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। प्रदर्शनी में पहली बार भारत- अफ्रीका रक्षा सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा जिसमें 39 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

 

इनमें 14 अफ्रीकी देशों के रक्षा मंत्री भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में पहली बार आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में  60 से अधिक देशों की 1000 से अधिक कंपनियों ने पंजीकरण कराया है। पिछली बार 700 कंपनियों ने इस प्रदर्शनी में हिस्सा लिया था। इस बार कंपनियों ने कुल 53 हजार वर्ग मीटर जगह बुक की है जबकि पिछली बार कंपनियों ने लगभग 26 हजार वर्ग मीटर स्थान बुक किया था। कुमार ने कहा कि 6 फरवरी को भारत अफ्रीका रक्षा सम्मेलन होगा और 7 फरवरी को रक्षा क्षेत्र में विभिन्न करारों पर हस्ताक्षर किये जायेंगे। सम्मेलन के पहले तीन दिन व्यावसायिक होंगे जबकि बाद के दो दिन 8 और 9 फरवरी को आम लोगों को निशुल्क प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

 

व्यावसायिक दिनों में राज्य के कालेजों के पांच हजार छात्रों  के लिए प्रदर्शनी में आने के लिए विशेष रूप से व्यवस्था की गयी है। प्रदर्शनी के अंतिम दिन विभिन्न प्लेटफार्म अपनी ताकत और मारक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। नौसेना के प्लेटफार्म के लिए गोमती नदी में विशेष व्यवस्था की गयी है। एक सवाल के जवाब में कुमार ने कहा कि चीन, वियतनाम और हांगकांग जैसे देशों से आने वाले प्रतिनिधियों की कोरोना वायरस के चलते विशेष स्क्रीनिंग की जायेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर मानक कार्य प्रक्रिया लागू की जायेगी।