प्रियंका गांधी ने पत्र लिखकर CAB के पुरजोर विरोध का आह्वान किया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा में पारित हुए कैब को देश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विधान लागू करने की दिशा में उठाया गया कदम करार देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्र लिखकर इसके पुरजोर विरोध करने का आह्वान किया। प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार की खराब नीतियों की वजह से देश में आर्थिक गतिविधियां ठप हैं।





लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा में पारित हुए नागरिकता संशोधन विधेयक (कैब) को देश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विधान लागू करने की दिशा में उठाया गया कदम करार देते हुए मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को पत्र लिखकर इसके पुरजोर विरोध करने का आह्वान किया।


उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि प्रियंका ने प्रदेश के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को खुला पत्र लिखकर कहा है कि कैब भारत के संविधान को हटाकर संघ के विधान को लागू करने की ओर बढ़ाया गया कदम है। भाजपा का यह विधेयक देश के नागरिकों को बराबरी की नजर से नहीं बल्कि भेदभाव से देखने की वकालत करता है।


प्रियंका ने पत्र में कहा है कि भाजपा सरकार की खराब नीतियों की वजह से देश में आर्थिक गतिविधियां ठप हैं, व्यापार नष्ट है और बेरोजगारी चरम है, लेकिन भाजपा को मालूम है कि उससे यह सब संभाला नहीं जा रहा है इसलिए वह अंग्रेजों की तर्ज पर  बांटो और राज करो  के आजमाए हुए रास्ते पर लौट रही है।


उन्होंने कहा कि भारत के संविधान को नष्ट करने से हर धर्म जाति और संस्कृति की सुरक्षा पर आंच आएगी। अगर आज हमने यह होने दिया तो कल यह सरकार हर उस व्यक्ति, संस्था, संस्कृति, जाति और धर्म को निशाना बनाएगी जो संघ के विधान को नहीं मानेगा।


भारत के हर नागरिक का कर्तव्य बनता है कि इस प्रकार हम देश के संविधान को नष्ट कर संघ का विधान ना लागू करने दें। संविधान की रक्षा में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता देश की प्रत्येक सड़क, शहर, कस्बे और कचहरी से लेकर संसद तक लड़ने का संकल्प लें। प्रियंका ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अपने हर कार्यकर्ता से कहना चाहती हैं कि वे भारत के संविधान की रक्षा के लिए अपनी पूरी ताकत से लड़ाई लड़ें।