संसद की कार्यवाही कल दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित


महाराष्ट्र के सियासी घमासान का असर संसद की कार्यवाही पर भी पड़ा, राज्यसभा और लोकसभा में लगातार व्यवधान के कारण कामकाज हुआ प्रभावित, दोनों सदन कल दोपहर 2 बजे तक स्थगित।


महाराष्ट्र की गूंज आज संसद के दोनों सदनों में ऐसी गूंजी कि दोनों सदन की कार्यवाही कल दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। हालांकि इससे पहले लोकसभा में 4 विधेयक पेश किए गए। इनमें कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केन्द्र प्राधिकरण विधेयक, पोत पुनर्चक्रण विधेयक और SPG संशोधन विधेयक शामिल हैं।  


दरअसल, महाराष्ट्र में मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर कांग्रेस समेत कुछ और विपक्षी दल के सदस्य लोकसभा में महाराष्ट्र के राज्यपाल और एनडीए सरकार की भूमिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन के बीचो बीच आ गये। अध्यक्ष ओम बिरला ने कुछ कांग्रेसी सदस्यों द्वारा हाथ में तख्तियां लेने पर आपत्ति जताई और उन्हें सदन से बाहर जाने को कहा लेकिन उनका विरोध जारी रहा। इसके बाद जब भी कार्यवाही शुरू हुई, शोर-शराबा बढ़ता ही गया। विपक्षी दल सदन के सभी काम रोक कर महाराष्ट्र के मसले पर चर्चा मांग रहे थे। लिहाजा लोक सभा की कार्यवाही को कल दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। 


राज्यसभा में कांग्रेस, वाम दल और अन्य सदस्यों ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव पेश किया था, जिसे सभापति वेंकैया नायडू ने नामंजूर कर दिया। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने अपनी सीटों से नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही आज दिनभर के लिए स्थगित कर दी। अब कल दोपहर 2 बजे दोनों सदन का कामकाज फिर शुरु होगा।