भाजपा के गाल पर न्यायालय का करारा तमाचा : कांग्रेस


नई दिल्ली। कांग्रेस ने महाराष्ट्र के संबंध में उच्चतम न्यायालय के फैसले को लोकतंत्र की बड़ी जीत करार देते हुए कहा है कि यह भारतीय जनता पार्टी के गाल पर करारा तमाचा है। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा दिन है और संविधान अंगीकार किए जाने के 70वें साल में आयोजित संविधान दिवस पर देश के लोकतंत्र की जीत हुई है।


उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले ने महाराष्ट्र में अवैध रूप से गठित भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंक दिया है। इससे साफ हो गया है कि भाजपा का घटिया खेल खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि यह श्री देवेंद्र फडणवीस नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए झटका है। मोदी तथा भाजपा सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या की साजिश में शामिल रहे हैं इसलिए यह उनके लिए जोरदार झटका है।


इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां संसद भवन में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि फैसले के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल को सबक मिल गया होगा कि उन्हें गैर संवैधानिक काम नहीं करने चाहिए। उम्मीद है वह अब गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस फैसले से देश में लोकतंत्र की जीत हुई है और उच्चतम न्यायालय को वहां राष्ट्रपति शासन हटाने संबंधी पूरा विवरण मंगाना चाहिए।